मंडवारिया में दाता सादुलसिंहजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश यात्रा
रमेश सुथार सिरोही
दाता सादुलसिंहजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर मंडवारिया गांव में साधु-संतों के सानिध्य में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
कलश यात्रा के दौरान बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक धार्मिक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। झांकियों के कारण आयोजन और भी भव्य बन गया तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि दाता सादुलसिंहजी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य आयोजन 11 फरवरी को आयोजित होगा। इसे लेकर गांव में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिर एवं परिसर को आकर्षक मंडप एवं भव्य डेकोरेशन से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर द्वारकानगरी जैसा प्रतीत हो रहा है। वहीं गांव में जगह-जगह स्वागत द्वार भी बनाए गए हैं।
11 फरवरी को विधि-विधान के साथ मूर्ति स्थापना एवं ध्वजा रोहण का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा प्रसादी ग्रहण की जाएगी।
इसी अवसर पर सिरोही जिले के दौरे पर रहे राज्य मंत्री ओटाराम देवासी भी कार्यक्रम में शिरकत करने मंडवारिया पहुंचे। उनके आगमन पर ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। राज्य मंत्री देवासी ने दाता सादुलसिंहजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया। कार्यक्रम में रोवाड़ा से भोपाजी गादीपति सरदार सिंह जी रोवाड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस धार्मिक आयोजन के आयोजक ठा. सा. भवरसिंहजी सुपुत्र रूपसिंहजी देवड़ा, मंडवारिया हैं।


No comments:
Post a Comment