वराडा में हनुमान जयंती हर्षोल्लास से मनाई, जयकारों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
रमेश सुथार वराडा
वराडा क्षेत्र में हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। वराडा गांव में इस अवसर पर भव्य आयोजन हुए। मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटिंग एवं मंडप सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई।
प्रातःकाल महाआरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव की मुख्य गलियों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंची। शोभायात्रा के समापन पर प्रसादी का वितरण किया गया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने केसरिया साफा पहनकर ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए और ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। बस स्टैंड पर जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
मंदिर परिसर के बाहर विभिन्न दुकानों के साथ शीतल पेयजल एवं आइसक्रीम की लारियों पर बच्चों ने जमकर आनंद लिया।
रात्रि में भव्य भक्ति भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। भजन कलाकार दिनेश माली एवं ऐशु माली एंड पार्टी (सिरोही) ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजन शुरू होते ही पांडाल खचाखच भर गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए।
कार्यक्रम के दौरान झांकी कलाकार तरुण साचोरी ने माताजी एवं हनुमानजी की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मंच संचालन अशोक माली ने अपनी सुमधुर आवाज में किया और बीच-बीच में भजनों से माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। हनुमानजी सेवा मंडल सूरत के पदाधिकारी भी भजनों की धुन पर थिरकते नजर आए।
इस आयोजन का संचालन श्री हनुमान जी सेवा मंडल, सूरत के तत्वावधान में किया गया, जिसमें हनुमानजी मंदिर कमेटी एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।

















