Wednesday, 11 March 2026

रेवदर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, झोलाछाप नीम हकीम गिरफ्तार, दो अवैध क्लिनिक सीज

 रेवदर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, झोलाछाप नीम हकीम गिरफ्तार, दो अवैध क्लिनिक सीज



रमेश सुथार सिरोही

रेवदर क्षेत्र में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वाले झोलाछाप नीम हकीमों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) रेवदर डॉ. एस. एस. भाटी के नेतृत्व में मगरीवाड़ा गांव में दबिश देकर दो स्थानों पर चल रहे अवैध क्लिनिक/हॉस्पिटल पर कार्रवाई की गई।


जानकारी के अनुसार मगरीवाड़ा गांव में बाबूप्रशाद धर नाम का व्यक्ति पिछले करीब 27 वर्षों से बिना किसी वैध डिग्री और अनुमति के मरीजों का इलाज कर रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लिनिक की जांच की, जहां चिकित्सा कार्य से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पर टीम ने क्लिनिक को सीज कर दिया तथा आरोपी बाबूप्रशाद धर को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे मंडार थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


कार्रवाई के दौरान टीम को मगरीवाड़ा में ही एक अन्य स्थान पर भी अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि यह हॉस्पिटल पाकिस्तानी विस्थापित नीम हकीम लक्ष्मण दास माली द्वारा चलाया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही लक्ष्मण दास माली मौके से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने उसके अवैध हॉस्पिटल को सीज कर दिया तथा आगे की कार्रवाई के लिए मंडार पुलिस को सूचना दी गई है।


कार्रवाई का नेतृत्व BCMO रेवदर डॉ. एस. एस. भाटी ने किया। टीम में डॉ. तेजाराम, औषधि नियंत्रण अधिकारी नरेंद्र राठौड़, स्थानीय पटवारी, नर्सिंग स्टाफ तथा पुलिस कर्मी शामिल रहे।


इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि जिले में जिला कलेक्टर महोदया के निर्देशानुसार झोलाछाप और अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की कार्यवाही संपर्क पर की गई शिकायत के क्रम में एडीएम डॉ राजेश गोयल सर के निर्देशानुसार  डीसीओ नरेंद्र राठौर तुरंत रेवदर पहुंचे जहाँ ब्लॉक स्तरीय टीम पहले से तैयार थी जहाँ सबने मिलकर कार्यवाही को अंजाम दिया । डॉ खराडी ने बताया कि बिना योग्यता और अनुमति के इलाज करना कानूनन अपराध है और इससे मरीजों के जीवन को खतरा हो सकता है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


उन्होंने आमजन से अपील की कि वे केवल पंजीकृत और योग्य चिकित्सकों से ही उपचार लें तथा किसी भी अवैध क्लिनिक या झोलाछाप चिकित्सक की जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

No comments:

Post a Comment

रेवदर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, झोलाछाप नीम हकीम गिरफ्तार, दो अवैध क्लिनिक सीज

 रेवदर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, झोलाछाप नीम हकीम गिरफ्तार, दो अवैध क्लिनिक सीज रमेश सुथार सिरोही रेवदर क्षेत्र में अवैध...